जानिए अपनी तीन मासूम बेटियों को क्यों थाने में छोड़कर चली गई माँ
https://www.shirazehind.com/2020/12/blog-post_185.html
जौनपुर। सहारनपुर में पहली पत्नी व तीन बेटियों को छोड़कर दूसरी शादी रचाकर जौनपुर जिले के शाहगंज में रह रहे पति के घर शुक्रवार की सुबह पहली पत्नी बच्चों को लेकर पहुंच गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। काफी देर प्रयास के बाद भी समझौता नहीं हो पाया। इसके बाद पहली पत्नी दस माह की मासूम समेत तीनों बेटियों को थाने में छोड़कर चली गई।
सहारनपुर के गुलाम औलिया मोहल्ला निवासी मो आरिफ का निकाह उसी जनपद के ही गंगोह गांव निवासी शहनाज के साथ वर्ष 2012 में हुआ था। दोनों से तीन बेटियां हैं। आरिफ सऊदी अरब में कमाता था और लॉकडाउन में वह घर आ गया था। इसी दौरान ससुराल में पड़ोस की युवती आयशा से उसका प्रेम हो गया। दो महीने पूर्व आरिफ ने आयशा से विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों शाहगंज आ गए।
यहां पुरानी बाजार मोहल्ले में एक चिकित्सक के मकान में किराए पर रहने लगे। इस बात की जानकारी पहली पत्नी शहनाज को हुई तो शुक्रवार की सुबह वह बेटियों के साथ पहुंच कर हंगामा करने लगी। इसकी सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दे दी। तब कोतवाली पुलिस पति और दोनों पत्नियों को थाने ले आई। काफी देर तक प्रयास के बाद भी बात नहीं बनी। इसके बाद पहली पत्नी अपनी 10 महीने तथा पांच और आठ साल की बेटियों को थाने में छोड़कर घर चली गई। पुलिस ने बच्चों को आरिफ के हवाले कर दिया और हिदायत दी कि वह शाहगंज छोड़कर अभी नहीं जाएगा।

