दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, चले ईंट-पत्थर
जौनपुर। मीरगंज थाना के भटहर गांव में बुधवार की शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। ईंट-पत्थर चले। कुल्हाड़ी से हमले में एक महिला जख्मी हुई। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। गांव के सत्यनारायण चौहान और दीप नारायण चौहान में जमीन का विवाद चल रहा है। बुधवार की देर शाम इसी विवाद में दोनों पक्ष भिड़ गए। पथराव में एक पक्ष से दीप नारायण (60), उनकी बहू शुक्ला देवी (40) और पुत्र संतोष कुमार (42) घायल हुए। शुक्ला देवी के सिर में कुल्हाड़ी से हमले में गंभीर चोट आई। परिजन मछलीशहर ले गए, जहां से रेफर होने पर प्रयागराज ले जाया गया। दूसरे पक्ष से चंदन और संजय भी घायल हुए हैं। एसओ श्रीप्रकाश राय का कहना है कि दोनों पक्ष की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।