मां शारदा शक्तिपीठ के प्रधान न्यासी का निधन से जिले में शोक की लहर
https://www.shirazehind.com/2021/06/blog-post_20.html
जौनपुर। नगर के परमानतपुर स्थित मां शारदा शक्तिपीठ के प्रधान न्यासी महंत सूर्य प्रकाश जायसवाल का गुरूवार को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। सूर्य प्रकाश जायसवाल जिले के प्रमुख समाजसेवी के साथ उद्योग व्यापार मण्डल के प्रांतीय उपाध्यक्ष, जौनपुर जायसवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष, जायसवाल क्लब के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व भाजपा के वरिष्ठ नेता भी थे। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। रोडवेज तिराहा स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को रामघाट पर किया गया। नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष व व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष दिनेश टण्डन, नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल, जायसवाल समाज के जिलाध्यक्ष सर्वेश जायसवाल सहित तमाम स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे जनपद व समाज की अपूरणीय क्षति बताया।