शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए आस्था का उमड़ पड़ा सैलाब

 जौनपुर।  विविध धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान शिव की आराधना शुरू हो गई। सावन के पहले दिन रविवार को शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने महादेव को भांग, धतूर, बेलपत्र, माला-फूल, दूध आदि अर्पित किया। ओम नम: शिवाय, हर-हर महादेव व बोल बम के जयकारे से शिवालय गूंज उठे। सुरक्षा के लिए प्रमुख शिव मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा। बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा बैजनाथ धाम रवाना हुआ। मंदिर प्रशासन ने वैश्विक महामारी कोरोना के गाइडलाइन का अनुपालन कराते हुए भक्तों को जलाभिषेक व पूजन की व्यवस्था की थी। प्रमुख शिवालयों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों से मास्क के प्रयोग व शारीरिक दूरी का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा था।

 नगर के गोमती नदी के किनारे शिवाला घाट, गोकुल घाट, गूलर घाट, हनुमान घाट, अचला देवी घाट के अलावा बारी नाथ मठ, पांचो शिवाला, जागेश्वर नाथ, कोतवाली मंदिर, मैहर देवी शक्ति पीठ स्थित शंकर मंदिर में दिनभर जलाभिषेक व पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। धर्मापुर स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। ऐतिहासिक त्रिलोचन महादेव मंदिर में हजारों शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। सुजानगंज के गौरी शंकर धाम, चारो धाम मंदिर गोल्हनामऊ, धर्मनगर भीलमपुर शिव मंदिर भिखारीपुर सबेली सहित ग्रामीण अंचलों के मंदिरों पर भी श्रद्धा के साथ जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बदलापुर क्षेत्र के शिवालयों में देवाधिदेव भोलेनाथ को जलाभिषेक करने की होड़ मची रही। गौरी शंकर धाम चंदापुर, चौरेश्वर नाथ छंगापुर, दूधनाथ दुगौली खुर्द, कवंचलनाथ दाऊदपुर में सुबह से ही बेलपत्र, अक्षत, धूप, दीप लेकर श्रद्धालु जुटना शुरू हो गए। यह सिलसिला दिनभर चलता रहा। जगह-जगह रुद्राभिषेक व हरिकीर्तन का भी आयोजन किया गया। केराकत के गोमतेश्वर महादेव सिहौली, हुरहुरी, देवकली व पूरनपुर में जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों की भीड़ उमड़ी रही। मड़ियाहूं नगर के गोलाबाजार स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर व पक्का तालाब स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर पर शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। मछलीशहर क्षेत्र के दियावां नाथ, शोभनाथ, मेहरवां महादेव मंदिर पर भक्तों की सुबह से ही कतार लगी रही। सिगरामऊ के बाबा गूदरनाथ धाम स्थित शिव मंदिर में शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव व बोल बम के नारों से बाजार गुंजायमान रहा। चंदवक के चंद्रकेश्वर मंदिर सहित क्षेत्र के शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों का रेला उमड़ा रहा।

Related

JAUNPUR 2671509388484544472

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item