झूला झूल रहे एक बालक के गले में रस्सी फंस जाने से गई जान
https://www.shirazehind.com/2021/08/blog-post_93.html
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव में शनिवार को पेड़ में रस्सी डालकर झूला झूल रहे एक बालक के गले में रस्सी फंस गई। परिवार के लोगों को जब तक इसके बारे में पता चलता तब तक उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया।
पाली गांव निवासी गिरीश चंद्र मौर्या के 12 वर्षीय पुत्र विनय मौर्य ने परिजनों से घर के बाहर पेड़ में झूला झूलने के लिए रस्सी डलवाई थी। उसी रस्सी से वह झूल रहा था। शनिवार को झूलने के दौरान रस्सी उसकी गले में लिपट गई, जिससे वह निकल नहीं पाया। गले में रस्सी कस जाने से उसकी मौत हो गई। वहीं, काफी देर बाद परिजन उसे झूलते हुए नहीं देखकर उसके पास पहुंचे। वहां रस्सी से उसके गले के कसा देखकर वह चीख पड़े। आनन-फानन में परिवार के लोगों ने रस्सी काटकर उसे झूले से नीचे उतारा और उसे एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। इसके बाद शव का पंचनामा कर शव को परिजनों को सौंप दिया। वहीं, घटना के बाद गिरीश चंद्र के घर कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। इस संबंध कोतवाल मुन्ना राम ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया गया।

