खुटहन की बहू प्रतिभा सिंह ने बढाया जनपद का गौरव
https://www.shirazehind.com/2021/09/blog-post_95.html
खुटहन(जौनपुर) 7 सितम्बर, क्षेत्र के बड़नपुर गॉव निवासी आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रतिभा सिंह को पोषण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु मंगलवार को राजधानी स्थित लोकभवन में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंच से प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। प्रतिभा सिंह ने इस बड़ी उपलब्धि पाकर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
इस मौके पर स्वजनों समेत विभाग के लोगों ने बंधाई सन्देश प्रेषित कर खुशी जतायी। श्रीमती सिंह ने इससे पूर्व में भी जनपद स्तर पर कई पुरस्कारों से सम्मानित होकर क्षेत्र का मान बढ़ा चुकी है। वे विभाग से मिले धन के अलावा अपने पास से धन खर्च कर बड़नपुर केंद्र को अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त कर प्रदेश स्तर का बना दिया। उनके इस कार्य मे पति बबलू सिंह का बड़ा योगदान है।
गौरतलब है कि जौनपुर समेत प्रदेश के आठ जिलों की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु राज्य पुरस्कार से पुरस्कृत किये जाने हेतु चुना गया था। प्रतिभा सिंह अपने केंद्र बड़नपुर के अंतर्गत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा निर्धारित योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रभावी रूप से संचालन कराकर स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में पूर्ण अभिरुचि, निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ट कार्य किया है। जिस कारण बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु चयनित किया था।