बाइक सवार युवक ने किशोरी को किया अगवा
https://www.shirazehind.com/2022/02/blog-post_288.html
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की अनुसूचित जाति बस्ती से शनिवार की रात बाइक सवार युवक दुष्कर्म की नीयत से किशोरी को अगवा कर लिया। जागे स्वजन व ग्रामीणों के पीछा करने पर घर से करीब पांच सौ मीटर दूर पिटाई करने के बाद बाग में छोड़कर चले गए। आरंभिक छानबीन के बाद पुलिस दुष्कर्म के प्रयास या छेड़खानी से नहीं बल्कि बाइक से जुड़ा विवाद बता रही है।
रात करीब 11 बजे किशोरी लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली तो बाइक सवार युवक मुंह दबाकर उसे उठाकर लाद लिए। किशोरी की गुहार सुनकर अभिभावकों की नींद खुल गई। उनके शोर मचाने पर बस्ती के कुछ और लोग खोजबीन करने लगे। तलाश के दौरान घर से लगभग 500 मीटर दूर बाग में किशोरी मिली। डरी-सहमी किशोरी ने स्वजन को आपबीती बताई। कहा कि उसे उठाने के बाद बाग में दुष्कर्म करना चाहे, लेकिन लोगों के पहुंचने पर पिटाई करने के बाद छोड़कर भाग गए।
रविवार की सुबह किशोरी को लेकर स्वजन व ग्रामीण जफराबाद थाने पहुंचे।
किशोरी के पिता की तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। बताया कि आरंभिक छानबीन में मामला दुष्कर्म के प्रयास या छेड़खानी का नहीं बल्कि बाइक संबंधी विवाद का है। जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।