जौनपुर का लाल बना पंजाब सरकार का विशेष प्रधान सचिव
https://www.shirazehind.com/2022/04/blog-post_8.html
जौनपुर। जिले के लाल आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री का विशेष प्रधान सचिव बनाये जाने की खबर मिलते ही खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। उनके गांव में जश्न का माहौल है।
बक्शा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव के मूल निवासी गौरव यादव पंजाब कॉडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी है। उन्हे पंजाब की नई सरकार में मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष प्रधान सचिव बनाया गया है।
।
आईपीएस अधिकारी गौरव यादव वर्तमान में पंजाब पुलिस के मॉडर्ननाइजेशन विंग का कार्य संभाल रहे हैं, जो कि उनके पास उक्त नई नियुक्ति के बाद भी बना रहेगा। मुख्यमंत्री के विशेष प्रधान सचिव का कार्य उन्हें अतिरिक्त प्रभार के रूप में मिला है। गौरव राज्य पुलिस में अब तक विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। गौरव यादव शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार के समय भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। विशेष प्रधान सचिव के पद पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को नियुक्त किया जाता है लेकिन पंजाब सरकार में यह दूसरा अवसर है जब किसी मुख्यमंत्री ने किसी आईपीएस अधिकारी को अपना विशेष प्रधान सचिव बनाया है।
बेलापार गांव निवासी गौरव के चाचा आदित्य नारायण यादव बलई ने बताया कि गौरव के पिता भगवती प्रसाद यादव सेवानिवृत्त कर्नल है। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित अपने आवास पर रहतें है। भगवती प्रसाद के एक मात्र पुत्र गौरव तथा दो पुत्रियां है जिसमें एक एम्स में डॉक्टर तथा दूसरी पीसीएस में एमडी है। इनकी शिक्षा दीक्षा कानपुर, लखनऊ व दिल्ली में हुई है। गौरव की इस उपलब्धि से गांव में खुशी देखी गई। शिक्षक दीपक यादव, लालसाहब यादव, दिनेश कुमार यादव ,मंगल यादव,अर्जुन यादव, अवनीश शुक्ला आदि ने बताया कि पूरा गांव गौरवांवित है।