जमदहां दुलीपुर में बच्चों के विवाद में घर पर तोड़-फोड़, शादी की तैयारी में पड़ा खलल
https://www.shirazehind.com/2025/04/blog-post_717.html
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत जमदहा गांव निवासी बंदे लाल यादव पुत्र स्व. राजदेव यादव के घर पर शुक्रवार को बच्चों के आपसी विवाद को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। इस दौरान कुछ लोग घायल हो गये। बताया जा रहा है कि बंदे लाल यादव के पुत्र की शादी आगामी 6 मई को निर्धारित है और घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। जानकारी के अनुसार विपक्षी पक्ष के राजेंद्र यादव के पुत्र का मार्टिनगंज स्थित एक विद्यालय में अन्य छात्रों से विवाद हुआ था। इस घटना में बिना ठोस प्रमाण के बंदे लाल यादव के पुत्र पर आरोप लगाया गया। इसी विवाद के चलते विपक्षी पक्ष ने अपने समर्थकों के साथ बंदे लाल यादव के घर पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़—फोड़ किया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में खड़ी बाइक, ट्रैक्टर और घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया जिससे शादी की तैयारियों में भारी बाधा उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।