स्व. बी. एन. सिंह को पेंशनर्स ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कर्मचारी हितों के संघर्षों को किया याद, पदचिह्नों पर चलने का लिया संकल्प
जौनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की अगुवाई में जनपद अध्यक्ष सी. बी. सिंह की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स सभा कक्ष में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यह सभा कर्मचारी समाज के प्रेरणास्त्रोत रहे स्व. बी. एन. सिंह को समर्पित रही, जिनके संघर्षों को याद करते हुए उपस्थित जनों ने उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सी. बी. सिंह ने कहा कि स्व. बी. एन. सिंह ने कर्मचारी और पेंशनर्स हितों के लिए अभूतपूर्व योगदान दिया। उन्होंने 1966 में केंद्रीय व प्रांतीय पेंशनर्स के महंगाई भत्ते की समानता, 1986 में वेतन समानता और 1994-95 में दो प्रोन्नत वेतनमान की मांगों को लेकर हुए आंदोलनों की याद दिलाई। उन्होंने बताया कि इन संघर्षों के तहत लंबी अवधि तक चली हड़तालों से कर्मचारी वर्ग को ऐतिहासिक उपलब्धियां मिलीं।
ग्राम्य विकास मिनिस्ट्रीयल संघ उत्तर प्रदेश के प्रांतीय उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिक्रम सिंह ने अपने संबोधन में स्व. बी. एन. सिंह के नेतृत्व में हुए आंदोलनों को याद करते हुए बताया कि दो प्रोन्नत वेतनमान की मांग को लेकर हुए आंदोलन के दौरान उन्हें स्वयं 51 दिनों तक जेल यात्रा करनी पड़ी थी। उन्होंने इसे एक प्रेरणादायक अनुभव बताया।
श्रद्धांजलि सभा में ओंकारनाथ मिश्र, नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, रामअवध लाल, के. के. तिवारी, राजबली यादव, रामश्रय रजक, कंचन सिंह, शम्भूनाथ यादव, आदेश कुमार, कलीम उल्ला, दशरथ राम, रामसूरत यादव, रामबचन मौर्य, लालजी, मदन मोहन सोनकर, रमेश, लोकनाथ यादव, प्रमोद कुमार सिंह, गोरखनाथ माली, पारसनाथ, सुक्खूराम, छोटेलाल आदि ने अपने उद्बोधन में स्व. बी. एन. सिंह के संघर्षों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा के अंत में संगठन के पूर्व उपाध्यक्ष स्व. जितेन्द्र कुमार तिवारी के असामयिक निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया गया। उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
श्रद्धांजलि सभा का संचालन जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे और स्व. बी. एन. सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

