बिना मान्यता के स्कूलों पर गिरी गाज, दो विद्यालय सील
अभिभावकों से अपील - बच्चों को केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही भेजें
जौनपुर, । जिले में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर सोमवार को नगर क्षेत्र में दो ऐसे विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया, जो बिना किसी वैधानिक अनुमति के संचालित हो रहे थे।
नगर शिक्षा अधिकारी की टीम ने ए.के. पब्लिक स्कूल, रुहट्टा और पान दरिबा क्षेत्र में संचालित एक नामविहीन विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान जब विद्यालय की मान्यता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, तो दोनों स्कूलों को मौके पर ही नोटिस जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर जनपद में बिना मान्यता संचालित किसी भी विद्यालय को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर बंद कराया जाएगा तथा उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
बीएसए ने जिले के अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों का दाखिला केवल उन्हीं विद्यालयों में कराएं, जो शासन से मान्यता प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि मान्यता विहीन विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य तीनों खतरे में रहते हैं।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अभियान जारी रहेगा और भविष्य में यदि किसी भी क्षेत्र में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।
