केन्द्रीय आह्वान पर दवा प्रतिनिधियों ने किया हड़ताल
https://www.shirazehind.com/2025/07/blog-post_602.html
पीएम को सम्बोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया
जौनपुर। सी.आई.टी.यू., एफ.एम.आर.ए.आई. एवं यू.पी.एम.एस.आर.ए. के संयुक्त आह्वान पर देश के समस्त दवा प्रतिनिधियों के साथ जौनपुर के 500 से भी अधिक दवा प्रतिनिधि राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल रहे जिन्होंने अपनी 29 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन प्रधानमंत्री को जिलाधिकारी द्वारा प्रेषित किया। इसी संदर्भ में यूपीएमएसआरए जौनपुर यूनिट ने 11 टीमों का गठन करके सख्ती से पूरे जनपद में हड़ताल का अनुपालन सुनिश्चित किया। जनपद में काम करने वाले दवा प्रतिनिधियों को जागरूक किया गया। इसी क्रम में जिले के सभी साथियों ने बढ़ चढ़कर कार्यक्रम के सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
राष्ट्रव्यापी हड़ताल के क्रम में सभी साथी सभा के आयोजन में सम्मिलित हुये जहां राज्य कार्यकारिणी सदस्य राजेश रावत ने कहा कि सरकारी कार्यवाही के अभाव के में सेल्स प्रमोशन कर्मचारियों को उनके नियोक्ताओं द्वारा अपनाई जाने वाली विभिन्न अनुचित श्रम प्रथाओं का शिकार होना पड़ता है। सेल्स प्रमोशन इम्प्लाइज को नियोक्ता अवैध तरीके से स्थानांतरित कर रहे हैं। अवैध रूप से उनका काम रोक रहे हैं और अवैध रूप से नौकरी से बर्खास्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे फर्जी मुद्दे बनाकर कर्मचारियों को वेतन और यात्रा खर्च का भुगतान करने से इनकार कर रहे हैं। नियोक्ता, बिक्री संवर्धन कर्मचारी अधिनियम और अन्य श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रहे हैं। वे नियमित रूप से कर्मचारियों को धमका रहे हैं और अपमानित कर रहे हैं। नियोक्ता, यूनियन नेताओं और श्रमिकों के विरोध करने के लोकतांत्रिक और कानूनी अधिकार को दबाने के लिए उनके खिलाफ झूठी पुलिस शिकायतें दर्ज कर रहे हैं। हम सभी इसका विरोध करते हैं।
सचिव अजय चौरसिया ने सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज के 44 श्रम कानून के साथ छेड़खानी किया जा रहा है जिसे किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार इस कानून में परिवर्तन के माध्यम से जो कुठाराघात कर रही है, यह हमारे हितों की अनदेखी है। इसलिए आज की हड़ताल के माध्यम से हम केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि हमारे हितों को प्रभावित करने वाले कानून को तत्काल प्रभाव से निरस्त करें। अध्यक्ष मनोज सिंह ने सभी सदस्यों को आज कि हड़ताल को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
हड़ताल को सफल कराने में विजय श्रीवास्तव, अच्युत दुबे, अजय सिंह, अमित रंजन श्रीवास्तव, अनिल मिश्रा, अरुण सिंह, विशाल साहू, सुनील चौधरी, आकाश साहू, अजीत मौर्या, अनूप श्रीवास्तव, अखिलेश यादव के साथ समस्त कार्यकारिणी की अहम भूमिका रही।