डेढ़ हजार की जगह आया 25 हजार से अधिक का बिजली बिल, किसान हक्का-बक्का
जफराबाद के वीरभानपुर गांव में बिना मीटर के बिल भेजने पर मचा हड़कंप, विभाग ने झाड़ा पल्ला
यह मामला शाहबड़ेपुर विद्युत फीडर अंतर्गत वीरभानपुर गांव निवासी किसान कुलभूषण पाठक का है, जिनके पास मात्र एक किलोवाट का घरेलू कनेक्शन है। एक साल पहले भी उन्हें करीब 30 हजार रुपये का बिल भेजा गया था, जिसे उन्होंने सरकार की किस्त योजना के तहत जनवरी तक 12 किश्तों में चुका दिया।
लेकिन अब विभाग ने फिर से मई तक का 25 हजार से अधिक का बिल भेज दिया है। जब किसान विभागीय कार्यालय पहुँचे, तो बताया गया कि यह मीटर रीडिंग के आधार पर बना है। इस पर किसान ने साफ किया कि उनके घर में तो मीटर है ही नहीं।
बिना मीटर, फिर भी मीटर रीडिंग से बिल!
कुलभूषण पाठक ने बताया कि उनके जैसे कई उपभोक्ताओं के घरों में मीटर नहीं लगा है, और सामान्यतः उनका मासिक बिल लगभग 500 रुपये आता रहा है। बावजूद इसके, इस बार बिल में मीटर रीडिंग के नाम पर बड़ी रकम जोड़ दी गई है।
विभागीय कर्मचारियों से जब किसान ने जवाब मांगा तो वे एक-दूसरे पर टालमटोल करते रहे। किसी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
किसान की अपील: सुधारा जाए बिल
पीड़ित कुलभूषण पाठक ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से बिल की जांच कराने और उसे यथोचित रूप से संशोधित करने की मांग की है। वहीं, गांव के अन्य ग्रामीणों ने भी ऐसी ही गड़बड़ियों की आशंका जताते हुए बिजली विभाग पर मनमानी बिलिंग का आरोप लगाया है।
यदि समय रहते यह लापरवाही नहीं रोकी गई, तो क्षेत्र के दर्जनों उपभोक्ता ऐसी ही गलत बिलिंग के शिकार हो सकते हैं।

