गहोरा का प्राथमिक विद्यालय में शुरू हुआ स्मार्ट क्लास,अब बच्चों की पढ़ाई होगी और भी रोचक
जौनपुर। शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति का सशक्त कदम उठाते हुए बुधवार को प्राथमिक विद्यालय गहोरा में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ और शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। यह पहल न केवल ग्रामीण बच्चों के लिए नई उम्मीद जगाती है, बल्कि आने वाले समय में उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बनेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश कुमार सिंह प्रिंसु तथा विशिष्ट अतिथि एजीएम, ग्रुप कैप्टन धर्मेंद्र प्रताप सिंह (पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड, वाराणसी) ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में बृजेश सिंह प्रिंसु ने कहा कि पिछले एक दशक में ग्रामीण परिवेश से आने वाले बच्चों ने अनेक क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालयों का भौतिक स्वरूप लगातार सुधरा है, जिसके परिणामस्वरूप बच्चों का आत्मविश्वास और उनकी शैक्षिक गुणवत्ता दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती निशा सिंह और उनके पूरे स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का समर्पण ही बच्चों के भविष्य को सुनहरा बनाने की नींव है।
ग्रुप कैप्टन सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड, CSR गतिविधियों के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का काम कर रहा है। स्मार्ट क्लास की यह पहल इस सोच का हिस्सा है कि गाँव के बच्चे भी आधुनिक तकनीक से सीखें, नई संभावनाओं को पहचानें और देश के विकास में भागीदार बनें।
खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे अपनी जिम्मेदारी को केवल अध्यापन तक सीमित न रखें, बल्कि बच्चों को जीवन मूल्य और सामाजिक दायित्व से भी जोड़ें ताकि वे समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर विद्यालय की नींव रखने वाले दल्लू प्रधान को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने वर्षों पहले एक झोपड़ी में शिक्षा की शुरुआत कर इस विद्यालय की नींव रखी थी, जो आज स्मार्ट तकनीक से लैस होकर आधुनिकता की नई मिसाल बन गया है।
बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करते दिखे।
कार्यक्रम के अंत में एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसु ने विद्यालय परिसर में वाटर कूलर व इंटरलॉकिंग कार्य कराने की घोषणा की। विद्यालय परिवार की ओर से मीरा यादव, नीरज पांडे, आशीष सोनकर, लवली सिंह, किरण चंद्र एवं रेनू सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
प्रधानाध्यापिका निशा सिंह ने सभी आगंतुकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास बच्चों की शिक्षा को नई दिशा देने वाला मील का पत्थर साबित होगी।