कैशलेस चिकित्सा सुविधा के बाद शिक्षकों के पक्ष में बड़ा कदम: अमित सिंह
पुनर्विचार याचिका पर संगठन ने जताया आभार, 19 सितंबर को देशव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम
सिकरारा, जौनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस निर्णय का स्वागत किया है, जिसमें माननीय सर्वोच्च न्यायालय के टेट अनिवार्यता प्रकरण पर पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन ने इसे प्रदेश के लाखों शिक्षकों के हित में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
प्रांतीय संयुक्त महामंत्री अमित सिंह ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय आने के बाद शिक्षक समुदाय हतप्रभ था, लेकिन मुख्यमंत्री के पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के निर्णय ने बड़ी राहत प्रदान की है। उल्लेखनीय है कि 13 सितंबर को शिक्षक संघ के संरक्षक एवं एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री से भेंट कर इस मांग को उठाया था, जिस पर त्वरित कार्रवाई की गई।
संघ के जिला अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि इससे पहले 5 सितंबर को मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा की गई थी, जो शिक्षक हित में ऐतिहासिक निर्णय साबित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि योगी सरकार के नेतृत्व में शिक्षकों की सेवाएं पूर्ण रूप से सुरक्षित रहेंगी।
इधर, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने भी केंद्र सरकार से अपील की है कि वह अपने स्तर से पुनर्विचार याचिका दाखिल करे और अध्यादेश लाकर शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करे। इसी मांग को लेकर 19 सितंबर को पूरे देश में एक साथ प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।

