अब दूरदर्शन पर बच्चों को पढ़ाएंगी प्रीति श्रीवास्तव
यह कार्यक्रम राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पूरे प्रदेश से योग्य व प्रतिभाशाली शिक्षकों को आमंत्रित कर शैक्षिक वीडियो सामग्री तैयार की जा रही है, जिसे देश भर के बच्चों तक पहुंचाया जाएगा।
जौनपुर के कंपोजिट विद्यालय, रन्नो, बक्शा की शिक्षिका प्रीति श्रीवास्तव को इस कार्यशाला में प्रतिभाग करने एवं वीडियो शूट में शामिल होने के लिए चुना गया है। यह केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे जौनपुर जनपद के लिए गर्व की बात है।
गौरतलब है कि प्रीति श्रीवास्तव ने अपनी योग्यता और समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उनके प्रयासों ने न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। प्रीति श्रीवास्तव का यह चयन इस बात का प्रमाण है कि समर्पित और नवोन्मेषी शिक्षकों को उचित मंच मिलने पर वे शिक्षा की दिशा और दशा दोनों बदल सकते हैं। जनपद जौनपुर के लिए यह एक प्रेरणादायक उपलब्धि है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शक संकेत भी।


