टेट अनिवार्यता प्रकरण को लेकर 24 नवंबर को दिल्ली कूच करेंगे देशभर के शिक्षक
जौनपुर। टेट अनिवार्यता प्रकरण को लेकर अब देशभर के शिक्षक सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ (AIPTF) ने रविवार को देश के सभी राज्यों के शिक्षक संगठनों के साथ ऑनलाइन बैठक कर 24 नवंबर को दिल्ली में एकदिवसीय सांकेतिक धरना देने का निर्णय लिया है।
नई दिल्ली स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय, जनकपुरी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष बसवराज गुरिकर ने की। इस अवसर पर महासचिव कमलाकांत त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, कार्यकारी महासचिव विनोद ठाकरान, उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, संगठन मंत्री अर्जुन सिंह, जौनपुर से जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह टोनी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संघ ने टेट अनिवार्यता को लेकर न्यायिक एवं विधायी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संगठन के विधिक सलाहकार पैनल से भी वार्ता की गई। संघ ने निर्णय लिया कि यदि केंद्र सरकार इस विषय पर सकारात्मक विधायी समाधान नहीं निकालती है, तो फरवरी 2026 के बजट सत्र के दौरान देशभर के लाखों शिक्षक दिल्ली में विशाल आंदोलन करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बसवराज गुरिकर ने कहा कि “24 नवंबर को किया जाने वाला धरना केवल सांकेतिक होगा, परंतु सरकार यदि उदासीन रही, तो आने वाले बजट सत्र में शिक्षक वर्ग निर्णायक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।”
इस ऑनलाइन बैठक में उत्तर प्रदेश से प्रांतीय अध्यक्ष विनय तिवारी, महामंत्री उमाशंकर सिंह, तथा प्रांतीय संयुक्त महामंत्री व जौनपुर के जिलाध्यक्ष अमित सिंह भी शामिल रहे।

