छठ पूजा के दौरान गोमती नदी आर पार करने में डूबा किशोर, मौत
केराकत(जौनपुर)। केराकत क्षेत्र के सरौनी पूरब पट्टी ग्राम में छठ पूजा के दौरान मंगलवार की सुबह तैरने के दौरान एक युवक नदी में डूब गया। सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम गोताखोरों की मदद से दो घंटे बाद शव को नदी से बरामद किया। जिसके बाद शव को सीएचसी केराकत ले जाया गया। जहाँ मृत घोषित होने के बाद स्वजनों द्वारा पोस्टमार्टम से इनकार करने के बाद पुलिस ने शव को पंचनामा कर स्वजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सरौनी पूरब पट्टी गांव के टड़िया घाट पर छठ पूजा का आयोजन किया गया था। गांव का 19 वर्षीय अरविन्द यादव उर्फ गोलू पुत्र रामदुलार यादव निवासी सरौनी पूरब पट्टी पूजा देखने के लिए गया था। इस दौरान वह नदी में तैरने चला गया। उसने नदी का आर पार किया दूसरी बार फिर वही किया लेकिन लौटते समय दम फूल गया। देखते ही देखते वह नदी में डूब गया। उसके साथ उसका एक दोस्त भी तैर रहा था उसे डूबने का अंदाज़ा नहीं हुआ।
अरविन्द उर्फ़ गोलू के नदी में डूबते ही मौके पर खलबली मच गयी। लोग उसे बचाने के लिए गुहार लगाने लगे। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम शैलेंद्र कुमार, सीओ अजीत कुमार रजक, थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दो घंटे बाद नदी से शव बरामद किया गया। परिजनों के जरिये उसे लेकर केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया।

