खराब बूम को ठीक कराने में डेढ़ घंटे प्रभावित रहा आवागमन
प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग इस क्रॉसिंग से गुजरते हैं, जिनमें सैकड़ों ट्रक और बसें भी शामिल रहती हैं। बताया गया कि क्रॉसिंग का एक बूम पिछले चार-पांच दिनों से तकनीकी खराबी के कारण बार-बार दिक्कत दे रहा था। जब गेटमैन क्रॉसिंग खोलने के लिए बटन दबाता था तो एक बूम तो उठ जाता था, लेकिन दूसरा अटक जाता था, जिसे हाथ से उठवाना पड़ता था।
रविवार को रेलवे कर्मियों द्वारा बूम की मरम्मत का कार्य कराया गया, जिसके चलते करीब डेढ़ घंटे तक क्रॉसिंग बंद रही। इस दौरान बाइक व छोटे चारपहिया वाहन पश्चिमी क्रॉसिंग से होकर गुजर गए, लेकिन भारी वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि बूम में लगातार आ रही तकनीकी खराबी को अब ठीक करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि रविवार होने के कारण ट्रैफिक का दबाव कम रहा, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

