न्यायाधीश साखी सिंह रघुवंशी को मिला गोल्ड मेडल, जयपुर में कर रहीं हैं ज्यूडिशियल ऑफिसर के रूप में प्रशिक्षण
https://www.shirazehind.com/2025/10/blog-post_92.html
जौनपुर। तिलकधारी पीजी कॉलेज, जौनपुर की प्रतिभाशाली छात्रा साखी सिंह रघुवंशी ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की एलएलएम परीक्षा 2024 में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। उन्हें विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा कुलपति प्रो. वंदना सिंह के कर-कमलों से स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
साखी सिंह रघुवंशी वर्तमान में जयपुर में बतौर ज्यूडिशियल ऑफिसर प्रशिक्षणरत हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में ही राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) परीक्षा में प्रथम प्रयास में चयन पाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की थी।
विश्वविद्यालय के डीन प्रो. राजेश सिंह, डॉ. रमेश यादव, डॉ. सुधीर सिंह, डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह तथा डॉ. यशवंत सिंह सहित सभी शिक्षकों ने अपनी मेधावी छात्रा को इस शानदार सफलता पर बधाई दी।
साखी सिंह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. जे.पी. सिंह की सुपुत्री हैं। उनकी दोहरी उपलब्धि — स्वर्ण पदक प्राप्ति और न्यायिक सेवा में चयन — से न केवल विश्वविद्यालय और जनपद जौनपुर, बल्कि परिजनों और शिक्षकों में भी अपार हर्ष का माहौल है।

