‘इंडियन हॉकी के 100 वर्ष’ पर जौनपुर में बालक-बालिका हॉकी प्रतियोगिता आयोजित
इंदिरा गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने दिखाई शानदार प्रतिभा, मुख्य अतिथि श्यामबाबू यादव ने किया शुभारंभ
जौनपुर। खेल मंत्रालय भारत सरकार एवं खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिद्दीकपुर में भारतीय हॉकी के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी संघ (FIH) से जुड़ने के 100 वर्ष पूर्ण होने पर बालक एवं बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।यह प्रतियोगिता हॉकी इंडिया एवं यूपी हॉकी के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के सभी 75 जनपदों में “इंडियन हॉकी के 100 वर्ष” थीम पर मनाई जा रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्यामबाबू यादव एवं वरिष्ठ राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रुद्र प्रताप सिंह रहे। दोनों अतिथियों का स्वागत जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर किया।
उद्घाटन संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत की हॉकी का स्वर्णिम इतिहास प्रेरणादायक है। युवाओं को इस खेल से जुड़कर न केवल राष्ट्र का गौरव बढ़ाना चाहिए बल्कि इसे अपने कैरियर के रूप में भी अपनाना चाहिए। इसके बाद अतिथियों ने स्टिक से हॉकी बॉल मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
बालक वर्ग में इंदिरा गांधी स्टेडियम की टीम ने जनता जनार्दन इंटर कॉलेज की टीम को 2–0 से हराया, जबकि बालिका वर्ग में के.के. स्पोर्ट्स क्लब ने एस.एस. पब्लिक स्कूल को 3–1 से पराजित किया।
कार्यक्रम में हॉकी जौनपुर के सचिव सुधांशु गुप्ता एवं प्रशिक्षक मो. इजहार सहित जिले के अन्य प्रशिक्षक — कन्हैया सिंह यादव (कबड्डी), कृष्ण कुमार यादव (एथलेटिक्स), शशि कुमार यादव (बॉक्सिंग), दिलीप कुमार (वॉलीबाल) और निलेश कुमार यादव (हैंडबाल) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कन्हैया सिंह यादव ने किया तथा अंत में क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह ने सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

