समर्थ पोर्टल पर जौनपुर शीर्ष पर, जिलाधिकारी ने कहा टीम का उत्कृष्ट प्रयास
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि पिछले दो महीनों से टीम जौनपुर द्वारा समर्थ पोर्टल पर अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है। जनपद प्रशासन, विभिन्न विभागों और आमजन के संयुक्त प्रयासों से जौनपुर प्रदेश में लगातार शीर्ष स्थान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, कुशल नेतृत्व और संगठित कार्यशैली की वजह से समर्थ पोर्टल पर मिल रहे सुझावों की गुणवत्ता भी अन्य जनपदों की तुलना में बेहद उत्कृष्ट है।
जिलाधिकारी ने बताया कि “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश 2047” के सपने को साकार करने के लिए समर्थ पोर्टल पर प्राप्त सुझाव महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक, समाज के हर वर्ग ने अपने बहुमूल्य सुझाव देकर जनपद की प्रगति में योगदान दिया है। इसी सक्रिय सहभागिता की वजह से अब तक जौनपुर शीर्ष पर बना हुआ है।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि समर्थ पोर्टल पर सुझाव देने की अंतिम तिथि को पुनः बढ़ा दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आगे भी उत्साहपूर्वक सकारात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण सुझाव देकर जौनपुर को लगातार प्रथम पायदान पर बनाए रखने में सहयोग करें।
डॉ. चंद्र ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में टीम जौनपुर पर जनपद के लाखों लोगों की आशाएँ टिकी हुई हैं, इसलिए उनका मनोबल ऊँचा रखना और दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित विभागों के सभी सदस्यों को निर्देश दिया कि वे मिशन मोड में कार्य करते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अधिकतम प्रयास सुनिश्चित करें, ताकि जौनपुर अंतिम विजय की ओर बढ़ सके और प्रदेश तथा देश में विकास का आदर्श मॉडल प्रस्तुत कर सके।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आग्रह किया कि वे समर्थ पोर्टल पर अपनी भागीदारी बढ़ाएँ, क्योंकि हर सुझाव भविष्य के भारत के निर्माण की आधारशिला है।

