पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को लगी गोली, नौ अंतर्जनपदीय अपराधी गिरफ्तार
छह किलो चाँदी, एक लाख चार हजार नगद व हथियार बरामद
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की तड़के पुलिस और स्वाट टीम के साथ हुई मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को गोली लगने से वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों सहित चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के कुल नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, करीब छह किलोग्राम चाँदी व चाँदी के आभूषण, एक लाख चार हजार रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मछलीशहर और क्षेत्राधिकारी क्राइम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। यह गिरोह 21 अक्टूबर 2025 को वादी अनिल सोनी निवासी पकड़ी गोदाम, जंघई रोड, मुंगराबादशाहपुर की ज्वैलरी दुकान से हुई बड़ी चोरी के मामले में वांछित था। उक्त मामले में थाना मुंगराबादशाहपुर पर मुकदमा संख्या 261/2025 धारा 305 बीएनएस पंजीकृत था।
पुलिस व स्वाट टीम ने सोमवार की रात करीब 1:15 बजे नीभापुर रेलवे क्रॉसिंग से आगे काछीडीह मोड़ के पास घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ लिया। मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी। गिरफ्तार अपराधियों में कई पर यूपी व बिहार के विभिन्न जिलों में दर्ज मुकदमे हैं।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश और बिहार के बड़े शहरों में डेरा डालकर रहते हैं और आसपास के जिलों में ज्वैलरी की दुकानों की रेकी कर चोरी की घटनाएं अंजाम देते हैं। यह गिरोह वाराणसी, चंदौली और शाहजहाँपुर समेत कई जिलों में सक्रिय रहा है। हाल ही में इस गैंग ने 29 अक्टूबर को सारनाथ (वाराणसी) और 27 अक्टूबर को अलीनगर (चंदौली) में भी चोरी व चोरी के प्रयास की घटनाएं की थीं।
अभियुक्तों ने बताया कि चोरी का सामान वे वाराणसी निवासी प्रशांत पवार, जो चाँदी गलाने का कार्य करता है, को बेच देते थे। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के कई सदस्य पहले भी सारनाथ थाने के मुकदमों में जेल जा चुके हैं।
बरामदगी में शामिल सामान:
- चाँदी: लगभग 5.78 किग्रा
- चाँदी के आभूषण: 203 ग्राम
- नगद: ₹1,04,000
- हथियार: दो तमंचे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस (.315 बोर)
- उपकरण: लोहे के रम्मे, सब्बल, पेचकस, रस्सी, गैस कटर की नाब आदि
गिरफ्तार अभियुक्त:
- लादु पुत्र रसिया (घायल) निवासी मिलकिया, थाना निगोह, शाहजहाँपुर
- पूरन पुत्र पप्पू (घायल) निवासी ईसापुर, थाना निगोह, शाहजहाँपुर
- बाबू सिंह पुत्र रामबीर निवासी रावातपुर, शाहजहाँपुर
- बीजेन्द्र उर्फ मंगल पुत्र रसिया निवासी मिलकिया, शाहजहाँपुर
- सुरेश पुत्र रुकम सिंह निवासी मिलकिया, शाहजहाँपुर
- मोती उर्फ किरेकी पुत्र दिलीप निवासी मिलकिया, शाहजहाँपुर
- धर्मपाल उर्फ फूलसिंह पुत्र रामसिंह निवासी बलरामपुर, शाहजहाँपुर
- भोला पुत्र बाबू निवासी ईसापुर, शाहजहाँपुर
- अजीत पुत्र कुंदन निवासी रामपुरा, जनपद लखीमपुर खीरी
सभी अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।


