कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यालय का जोरदार तरीके से किया घेराव
https://www.shirazehind.com/2025/12/blog-post_667.html
जौनपुर। नेशनल हेराल्ड और यंग इंडिया मामले में न्यायालय के हालिया फैसले के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी क्रम में बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने जिला भाजपा कार्यालय का जोरदार तरीके से घेराव किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक द्वेष के तहत विपक्षी दलों को निशाना बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि न्यायालय के फैसले से भाजपा के झूठ और साजिशों का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश की गई, लेकिन सत्य की जीत हुई है।
घेराव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, हालांकि कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर लौट गए।

