डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि”
जौनपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ शोक सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के शिवापार गांव में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। शोकसभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह भारत के युगपुरुष थे, जिनका जीवन सादगी, धैर्य, निस्वार्थ सेवा और शालीनता का अनुपम उदाहरण रहा। उनका आचरण और विचारधारा प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने आर्थिक उदारीकरण के माध्यम से भारत की अर्थव्यवस्था की खिड़कियां दुनिया के लिए खोलीं। वहीं प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने मनरेगा जैसी ऐतिहासिक और क्रांतिकारी योजना लागू कर ग्रामीण भारत के युवाओं को रोजगार से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि जब पूरा विश्व गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था, उस दौर में डॉ. मनमोहन सिंह ने अपनी दूरदर्शिता से भारत को आर्थिक मजबूती प्रदान की और देश को संकट से उबारने का कार्य किया।
जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह ‘डब्बू’ ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने न केवल भारत का गौरव बढ़ाया, बल्कि वैश्विक मंच पर भी देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की।
शोकसभा में प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, शेर बहादुर सिंह, विनय तिवारी, अरुण शुक्ला, शिव मिश्रा, इरशाद खान, रामसिंह बांकुरे, के.पी. प्रजापति, बेलाल अहमद, अनिरुद्ध पटेल, मो. ताहिर, मो. इकबाल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

