संविधान की शपथ के साथ जौनपुर ने दोहराया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

 

जौनपुर। जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण कर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।

शपथ के माध्यम से देश को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाए रखने तथा समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, अवसर की समानता और व्यक्ति की गरिमा के साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी ने छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ, जो स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, परिश्रम और बलिदान का परिणाम है। देश की आज़ादी के बाद राष्ट्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक सशक्त संविधान की आवश्यकता थी, जिसमें सभी वर्गों, धर्मों और जातियों के अधिकार सुरक्षित हों।

उन्होंने कहा कि संविधान लागू होने के बाद देश में गरीबी उन्मूलन सहित सामाजिक एवं आर्थिक विकास के निरंतर प्रयास किए गए। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, भगत सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आज़ादी के लिए अद्वितीय योगदान दिया। वर्तमान में यशस्वी प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक ‘पंचप्रण’ के संकल्प के साथ ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि हमें मौलिक अधिकारों की रक्षा करते हुए नीति निर्देशक तत्वों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए तथा न्यायिक वादों के त्वरित निस्तारण की दिशा में प्रयास तेज करने होंगे। उन्होंने कहा कि हम तभी गुलामी की मानसिकता से मुक्त होंगे, जब अपनी संस्कृति, परंपरा और विरासत पर गर्व करेंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गांधी तिराहे पर महात्मा गांधी तथा अंबेडकर तिराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट सहित अन्य अधिकारियों ने भी संविधान की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता, कर्मचारी संघ अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में विकास भवन प्रांगण सहित जनपद के समस्त कार्यालयों में ध्वजारोहण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।

Related

डाक्टर 8991702040254895294

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item