संविधान, संकल्प और राष्ट्रगौरव का उत्सव बना गणतंत्र दिवस
जौनपुर।।77वां गणतंत्र दिवस पूरे जनपद में हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन पुलिस लाइन परिसर में किया गया, जहाँ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस जवानों को सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़ा। वहीं जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रवादी सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के इतिहास का अत्यंत गौरवपूर्ण दिन है। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ और हमारा देश एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न गणराज्य बना। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित सभी महान विभूतियों को नमन करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि, त्याग और परिश्रम से हमें लोकतंत्र की सशक्त नींव मिली।
मंत्री ने कहा कि आज भारत विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और विकास के हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। यह प्रगति किसानों, श्रमिकों, युवाओं और महिलाओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि शिक्षा, कौशल और अवसर देकर हमें एक आत्मनिर्भर, समावेशी और विश्व नेतृत्व करने वाला भारत बनाना है।
उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकता के प्रति निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

