स्काउट्स-रोवर्स रेंजर्स ने जगाई मतदाता जागरूकता की अलख, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं से नाम दर्ज कराने की अपील
जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र के कुशल नेतृत्व में जनपद में संचालित स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के अंतर्गत स्काउट्स गाइड्स/रोवर्स रेंजर्स के माध्यम से व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्टेशन रोड स्थित राज कॉलेज के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्काउट्स गाइड्स/रोवर्स रेंजर्स को मतदाता बनने के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं तथा जिनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है, उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
विश्वविद्यालय रोवर्स रेंजर्स चीफ कमिश्नर एवं राजा श्री कृष्ण दत्त महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शम्भू राम ने रोवर्स रेंजर्स को संबोधित करते हुए कहा कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने आह्वान किया कि गांव-गांव में मतदाता जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक अभियान चलाकर पात्र नागरिकों को मतदाता बनने हेतु प्रेरित किया जाए।
उन्होंने बताया कि जनपद के 125 महाविद्यालयों में रोवर्स रेंजर्स संचालित हैं, जिनके माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है।
जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने जानकारी दी कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए संबंधित क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करें अथवा ECINET ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि—
नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म 6
प्रवासी भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म 6क
नाम हटाने/आपत्ति दर्ज करने के लिए फॉर्म 7
निवास परिवर्तन, प्रविष्टि सुधार, एपिक परिवर्तन या दिव्यांगजन के रूप में चिह्नित करने हेतु फॉर्म 8 भरकर आवेदन किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान युवा छात्र-छात्राओं को फॉर्म 6 एवं घोषणा पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर डीओसी डॉ. मनोज कुमार तिवारी, प्रबंधक डॉ. सत्यराम प्रजापति, ट्रेनिंग काउंसलर सुनील कुमार यादव, कार्यक्रम सहायक विकास सिंह, टीसी निराली प्रजापति सहित रोवर्स रेंजर्स के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

