22 फरवरी को चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान
जौनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत रविवार 22 फरवरी को जिले के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची को त्रुटिरहित बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि इससे पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी एवं 31 जनवरी को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। 22 फरवरी को चौथे चरण का अभियान चलाया जाएगा। इस दिन सभी बूथों पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।
बीएलओ के पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा फार्म-6, 6ए, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं स्वयंसेवकों का भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने बूथ पर जाकर 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में अपना व परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फार्म-6 भरकर बीएलओ को दें या ECINET मोबाइल ऐप अथवा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। मतदाता सूची में किसी त्रुटि के सुधार हेतु फार्म-8 भरा जा सकता है।

