टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठनों का मोर्चा, 26 को बीएसए कार्यालय पर धरना
जौनपुर। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ 1160 ने समर्थन देने की घोषणा की है।
आयोजित बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ 1160 के जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों की एकजुटता से ही संघर्ष को जीत में बदला जा सकता है। वहीं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अतुल प्रकाश यादव ने कहा कि इस समय शिक्षक सेवा सुरक्षा के संकट से जूझ रहा है, ऐसे में सभी संगठनों को मिलकर संघर्ष करना होगा।
विरोध के प्रथम दिन सोशल मीडिया पर ‘जस्टिस फॉर टीचर्स’ अभियान दो घंटे तक विश्व स्तर पर प्रथम स्थान पर ट्रेंड करता रहा। तय कार्यक्रम के अनुसार 23, 24 व 25 फरवरी तक शिक्षक काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। इसके बाद 26 फरवरी को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरने के उपरांत शिक्षक पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे।
बैठक में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री शिव कुमार सरोज, आनंद कुमार, यादवेंद्र यादव, बदलापुर के अध्यक्ष नंद कुमार यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री डॉ. भानु प्रताप राव, बदलापुर अध्यक्ष उमेश मिश्र, मंत्री राय साहब यादव, विनोद यादव (खेल व्यायाम शिक्षक, खुटहन), जय प्रकाश यादव, विजय प्रकाश, आलोक यादव, कृष्ण कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

