उत्साह के साथ मनाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती
जौनपुर।आज हनुमान घाट नदी तट पर राष्ट्रवीर सेना द्वारा हिन्दू हृदय सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुभाष सिंह ने की, जबकि सेना के संरक्षक डॉ. मदन मोहन वर्मा की उपस्थिति में भारत माता एवं वीर शिवाजी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
डॉ. सुभाष सिंह ने अपने संबोधन में शिवाजी महाराज के संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्रभक्ति एवं दूरदर्शी नेतृत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे वीर नायकों ने अपने सुख, वैभव और ऐश्वर्य का त्याग कर आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए यह चिंतन करें कि आने वाले समय में हमारा देश, धर्म और संस्कृति सुरक्षित रहे।
सेना अध्यक्ष महेश कुमार ने भी शिवाजी महाराज के विचारों को साझा करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नारायण जी, संतोष सावंत, उपाध्यक्ष रोहित साहू, डॉ. सूरज जायसवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, मंगल सेठ, आशीष जी, नीरज सेठ, शिवम जायसवाल, सुरेन्द्र सेठ, जगमेन्दर निषाद, गुरु प्रसाद, अभिषेक सेठ, अनिकेत मोदनवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने भारत माता एवं छत्रपति शिवाजी महाराज को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

