दक्षिणा काली मंदिर का 42वां स्थापना दिवस व भव्य श्रृंगारोत्सव सम्पन्न, विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
जौनपुर। नगर के सिटी स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग के निकट ओवरब्रिज के पास स्थित श्री मां आद्याशक्ति दक्षिणा काली मंदिर का 42वां वार्षिक द्विदिवसीय स्थापना दिवस एवं भव्य श्रृंगारोत्सव सोमवार की सायंकाल धूमधाम के साथ सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर परिसर को आकर्षक फूल-मालाओं और रोशनी से सजाया गया। मां काली का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। सुबह से लेकर देर रात तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। सायंकाल हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मंदिर के प्रधान पुजारी भगवती सिंह वागीश ने बताया कि काली कलयुग की अधिष्ठात्री पराशक्ति हैं। कलयुग में मां काली के श्रृंगार दर्शन-पूजन से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर की स्थापना सन् 1984 में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर की गई थी।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
सायंकाल आयोजित भजन संध्या का शुभारंभ मंदिर के पुजारी भगवती सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन, मुंबई शिवसेना उपाध्यक्ष संतोष सिंह एवं पूर्व प्राचार्य टी डी कॉलेज समर बहादुर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बैंक महाप्रबंधक विजेंद्र सिंह, डॉ. सुभाष सिंह, वरिष्ठ सर्जन डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ, डॉ. लाल जी प्रसाद एवं सपा नेता अजय त्रिपाठी ने कलाकारों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
एक्टर व गायक जितेंद्र झा ने “जय काली जय काली कलकत्ते वाली”, “तोरे धमवा में बलमा मोर हरेलइल” तथा “बम बम बोल रहा है काशी” जैसे गीत प्रस्तुत कर देर रात तक दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गायक अभिषेक मयंक ने देवी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि आशीष पाठक अमृत, सरदार सुराज सिंह एवं पिंटू शेख के गीतों पर भी श्रोता झूम उठे।
राजकुमार चौहान सिकंदर जौनपुरिया एवं सोनू द्वारा प्रस्तुत कृष्ण-सुदामा की झांकी ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
गहना कोठी फर्म द्वारा श्रद्धालुओं को बुनिया का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गोविंद मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कनौजिया, डॉ. अजय पांडेय, डॉ. गौरव मौर्य, डॉ. संजीव पी. पांडेय, डॉ. बृजेश कनौजिया, भाजपा जिला महामंत्री पियूष गुप्ता, सोमेश्वर केसरवानी, ओम प्रकाश जायसवाल, संकठा प्रसाद पांडेय, भानू मौर्य, दल श्रृंगार विश्वकर्मा, अमित निगम, विक्रम गुप्ता एवं रामपाल विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत देवेश सिंह व सर्वेश सिंह सोनू ने किया तथा आभार वंदेश कुमार सिंह ने व्यक्त किया।

