नकलविहीन बोर्ड परीक्षा को लेकर डीएम का औचक निरीक्षण
कलेक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल से होगी 206 केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट सेल प्रभारी एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला को निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 206 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
आयोग के निर्देशानुसार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संचालित की जाएगी। हाईस्कूल में 77,042 तथा इंटरमीडिएट में 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का दूरभाष नंबर 05452-318005 है। किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय कंट्रोल रूम नंबर 7905471191 एवं 9451962481 पर संपर्क किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, प्रधानाचार्य राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भकुरा प्रभाकर सिंह, शशि राव सहित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

