टीडी कॉलेज में 65वां वार्षिक खेलकूद समारोह का हुआ आगाज
जौनपुर । शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान टी.डी. कॉलेज जौनपुर में सोमवार को 65वें वार्षिक खेलकूद समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर स्थित उमानाथ सिंह स्टेडियम में हुआ। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह ने जिलाधिकारी को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खेलकूद से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने छात्रों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेलों में भाग लेने और जनपद व राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जौनपुर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की। छात्रों से अपेक्षा की कि वे कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को शिक्षा, साहित्य, कला व खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाएं।
प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अजय कुमार दुबे ने किया, जबकि आभार ज्ञापन प्रो. शेखर सिंह ने किया। खेलकूद समारोह का समापन एवं पुरस्कार वितरण 17 फरवरी को होगा।
इस मौके पर क्रीड़ा समिति के सदस्य प्रो. मनोज कुमार सिंह, प्रो. हरी ओम त्रिपाठी, प्रो. राहुल सिंह, प्रो. माया सिंह, डॉ. विपिन कुमार सिंह, डॉ. प्रशांत कुमार पांडेय, डॉ. रमेश चंद्र यादव, डॉ. अजय कुमार सिंह, प्रो. हिमांशु सिंह सहित अन्य शिक्षक व गणमान्यजन मौजूद रहे।

