बदलापुर में संपूर्ण समाधान दिवस, डीएम-एसपी ने सुनीं फरियाद
बदलापुर (जौनपुर)। स्थानीय तहसील सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों व समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके।
समाधान दिवस में ग्राम विट्ठुआ खुर्द निवासी राम समुझ, बड़ेरी के दान बहादुर यादव, थरथरी निवासी राजकुमार, ढेमा के केसरी प्रसाद दुबे सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु अग्रसारित कर दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता व पारदर्शिता बनाए रखें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बदलापुर योगिता सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, तहसीलदार योगेंद्र पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए ।

