शिक्षकों के सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा संगठन : अनिल यादव
केराकत/जौनपुर। ब्लॉक क्षेत्र के सम्मानित शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न शैक्षिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अवकाश प्राप्त शिक्षकों के देयकों का समयबद्ध भुगतान, चयन वेतनमान की समस्याएं तथा वर्तमान में चल रहे टीईटी मुद्दे पर चर्चा हुई। उपस्थित शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि शिक्षकों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर सभी संगठन एकजुट होकर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
बैठक को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान सर्वोपरि है। यदि सम्मान पर आंच आई तो संगठन चुप नहीं बैठेगा और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगा।
इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त मंत्री/जिला मंत्री डॉ. भानु प्रताप राव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रदेशीय उपाध्यक्ष/जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रवीण यादव, बीरेन्द्र यादव सहित केराकत ब्लॉक के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष शिव बचन यादव ने की तथा संचालन क्रान्ति कुमार स्टालिन ने किया।

