आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव में गुरुवार की रात वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गई एसओजी व पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। पथराव में एसओजी के जवानों सहित एक उपनिरीक्षक घायल हो गए, जबकि बक्शा थानाध्यक्ष की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। घटना के बाद जिले के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंचकर गांव में घेराबंदी कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाने के इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह एसओजी टीम के साथ रात करीब साढ़े नौ बजे बक्शा थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में वांछित अभियुक्त पंकज गौतम की गिरफ्तारी के लिए पहुंचे थे। पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए हमले से पुलिस टीम को संभलने का मौका नहीं मिला।
पथराव में एसओजी के सिपाहियों के अलावा सिकरारा थाने में तैनात उपनिरीक्षक विनोद सिंह के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है।
सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन उग्र ग्रामीणों ने उनके वाहन पर भी पथराव कर दिया, जिससे गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर करीब आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस फोर्स गांव में पहुंच गई है और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है। देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

