बक्शा, जौनपुर। धर्मा देवी महाविद्यालय बेलापार (हयातगंज) में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान उटरुकला ज्योति यादव ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली प्राथमिक विद्यालय हयातगंज से प्रारंभ होकर आस—पास के क्षेत्रों में निकाली गई जिसमें शामिल स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के संदेश दिये।
शिविर के प्रथम दिन स्वयं सेविकाओं ने अपने ठहराव स्थल प्राथमिक विद्यालय परिसर में श्रमदान और साफ-सफाई का कार्य किया। इस दौरान महाविद्यालय के डायरेक्टर विकास यादव ने कहा कि शिक्षा समाज की पहली प्राथमिकता है और यही सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन और सेवा भाव के साथ शिविर गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी प्रभात यादव ने स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि समाज में बदलाव की शुरुआत स्वयं से होती है। इस अवसर पर डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, डॉ. मनोज, डॉ. नीलम, डॉ. विनीत श्रीवास्तव, डॉ. प्रदीप विश्वकर्मा, शैलेश कुमार, अरविंद कुमार सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।