जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परिषदीय बोर्ड परीक्षा–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से किसान आदर्श राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, प्रतापगंज में बनाए गए परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था तथा केंद्र पर तैनात कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। नकल अथवा लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
इसी क्रम में परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु नियुक्त समस्त जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे तथा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन किया।

