फूल से माला, खाली लोटा… और टूटा भ्रम, विज्ञान क्लब ने दिखाई सच्चाई
जौनपुर। वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और समाज में व्याप्त अंधविश्वासों के प्रति छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज 4 फरवरी 2026 को सहकारी इंटर कॉलेज मिहरावां में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिला विज्ञान क्लब जौनपुर द्वारा अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जौनपुर के निर्देश के क्रम में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक श्री विवेक कुमार सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद डॉ. रणजीत सिंह एवं समग्र शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक डॉ. राजन सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आर. डी. सिंह ने की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजीव सिंह, सहकारी डिग्री कॉलेज के प्रबंधक डॉ. प्रमोद कुमार सिंह एवं उप प्रबंधक कमलेश कुमार राय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्राओं द्वारा भावपूर्ण सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से किया गया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य डॉ. आर. डी. सिंह द्वारा मंचासीन अतिथियों को पुष्पगुच्छ, स्मृतिचिह्न एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विवेक कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अंधविश्वास समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर ही हम तर्क, विवेक और ज्ञान के आधार पर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने जिला विज्ञान क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के भीतर प्रश्न पूछने और तथ्यों को परखने की प्रवृत्ति विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा अंधविश्वासों के विरुद्ध वैज्ञानिक प्रयोगों का रोचक एवं प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। फूल से माला बनाना, खाली लोटे से जल निकालना जैसे प्रचलित भ्रमों को वैज्ञानिक तर्कों के साथ समझाकर उनकी वास्तविकता उजागर की गई। इन प्रयोगों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हर घटना के पीछे कोई न कोई वैज्ञानिक कारण अवश्य होता है, जिसे समझने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध, भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के लगभग 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
निबंध प्रतियोगिता में जिया सिंह (सेंट जेवियर इंटर कॉलेज) ने प्रथम, सृष्टि राय (सेंट जेवियर इंटर कॉलेज, मड़ियांहूं) ने द्वितीय तथा संदेश (एलएसएस इंटर कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में दीपक कुमार बिंद (सहकारी इंटर कॉलेज) प्रथम, गीत श्रीवास्तव (अंजू गिल अकादमी) द्वितीय एवं उजाला (महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहीं।
पोस्टर प्रतियोगिता में अदिति गिरि (उमानाथ सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जफराबाद) ने प्रथम, शिवांगी (सहकारी इंटर कॉलेज) ने द्वितीय एवं प्राची पटेल (जनक कुमारी इंटर कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सभी विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक विपनेश कुमार श्रीवास्तव ने जिला विज्ञान क्लब की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ सहकारी इंटर कॉलेज मिहरावां के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सहकारी इंटर कॉलेज के शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने किया, जबकि प्रधानाचार्य डॉ. आर. डी. सिंह ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

