पुलवामा शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि, सेना के बलिदान को बताया समाज पर ऋण
जौनपुर। 14 फरवरी को पुलवामा हमले की बरसी पर अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा पार्थ ग्लोबल स्कूल, रूहट्टा जौनपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिकों, छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और ट्रस्ट के सदस्यों ने शहीदों की स्मृति में कैंडल जलाकर मौन रखा तथा वृक्षारोपण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के विधिक सलाहकार राजबहादुर पाल और सूबेदार मेजर बी.एन. दुबे ने वृक्षारोपण करते हुए शहीद सैनिकों को नमन किया। राजबहादुर पाल ने कहा कि सेना के सिपाही का बलिदान समाज पर एक ऋण है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। मां भारती के अमर वीर सपूतों को शत-शत नमन करते हुए उन्होंने कहा कि पुलवामा का त्याग आतंकवाद के विरुद्ध हम सभी को एकजुट करता है।
राजबहादुर पाल ने बच्चों के साथ कारगिल युद्ध के दौरान अपने घायल होने और विपरीत परिस्थितियों में युद्ध करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बच्चों को देश के शौर्य और पराक्रम की गाथाओं को जानना चाहिए, ताकि उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना प्रबल हो।
विद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिप्रा सिंह ने कहा कि शहीद जवानों की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय को एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। सूबेदार मेजर बी.एन. दुबे ने कहा कि पुलवामा में शहीद हुए सभी वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि। हम सैनिक होने के नाते उनके और उनके परिवारों के सर्वोच्च बलिदान के लिए सदैव ऋणी रहेंगे।
गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश की लहर दौड़ गई थी।
श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के प्रबंधक सतेंद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष मीरा अगहरी, दीपक श्रीवास्तव, अंकित जायसवाल, क्षमा सिंह, डॉ. साधना सिंह, नेहा सिंह, रश्मि सिंह, निहारिका शर्मा, प्रतिभा सिंह, पार्वती मौर्य, श्वेता सिंह, पूजा यादव, प्रीति शुक्ला, स्वाति श्रीवास्तव, सोनम मिश्रा और साक्षी सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

