एआईएमआईएम सिर्फ मुस्लिम समाज की नहीं, हिंदुस्तानियों की पार्टी: इमरान बंटी
जौनपुर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को लेकर बनाए गए उस आख्यान को जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने खारिज किया, जिसमें पार्टी को केवल मुस्लिम समाज की पार्टी बताया जाता है। उन्होंने कहा कि यह धारणा पूर्णतः गलत है और एआईएमआईएम हिंदुस्तानियों की पार्टी है।
पत्रकार भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इमरान बंटी ने कहा कि देश में सभी समाजों का अपना-अपना नेतृत्व है, लेकिन जब कोई मुस्लिम समाज का व्यक्ति अपने समुदाय की आवाज बनने का प्रयास करता है तो तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दल उस पर ‘वोट काटने’ का आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मुस्लिम समाज सामाजिक और राजनीतिक तौर पर हाशिये पर है। संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों और देश की सबसे बड़ी पार्टी के नेताओं द्वारा अल्पसंख्यक समाज को लेकर गैरसंवैधानिक टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे भय का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी मुखिया असदुद्दीन ओवैसी इन मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं तो उन्हें भड़काऊ संबोधनों से पुकारा जाता है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी जिला पंचायत चुनाव में पार्टी 50 से अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी और उल्लेखनीय सफलता हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि एआईएमआईएम के समर्थन के बिना कोई भी जिला पंचायत अध्यक्ष नहीं बन पाएगा। साथ ही कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी जनपद की सभी सीटों पर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी है।
इस अवसर पर पूर्वांचल संयुक्त सचिव जावेद सिद्दीकी, अभयराज भारती, जिला महासचिव शाहनेयाज अहमद, इरशाद अहमद, नगर अध्यक्ष जावेद अजीम, जिला संयुक्त सचिव शमशाद अहमद, शहजादे अंसारी, मजनू राम गौतम और सलाहुद्दीन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

