डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा: गांधी स्मारक पीजी कॉलेज में टैबलेट वितरण
सुईथाकला (जौनपुर), 26 फरवरी। गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर में गुरुवार को छात्र-छात्राओं के बीच टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पांडेय ने की।
अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि वर्तमान दौर में डिजिटल शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे टैबलेट विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन, ऑनलाइन अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से इन संसाधनों का सकारात्मक उपयोग कर अपने लक्ष्य की प्राप्ति का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. अवधेश कुमार मिश्रा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. अविनाश वर्मा, डॉ. आलोक प्रताप सिंह बिसेन, डॉ. लालमणि प्रजापति, डॉ. वंदना तिवारी, डॉ. जितेंद्र सिंह एवं श्री जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए टैबलेट वितरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। विद्यार्थियों ने शासन और महाविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

