विद्यालयों में दिखा होली का उल्लास, बच्चों ने खेला रंग-गुलाल
जौनपुर। होली से पहले शनिवार को अंतिम कार्य दिवस होने के कारण विकास खंड मछलीशहर एवं मुंगराबादशाहपुर के अधिकांश परिषदीय और निजी विद्यालयों में रंगों की धूम रही। स्कूल परिसर बच्चों की खिलखिलाहट और गुलाल की रंगत से सराबोर नजर आए।
नौनिहालों ने सहपाठियों के साथ जमकर होली खेली और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कई विद्यालयों में बच्चों ने शिक्षकों को भी गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने का संदेश दिया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की चल रही हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों में भी खासा उत्साह दिखा। जंघई स्थित नागरिक इंटर कॉलेज में पहली पाली में हाईस्कूल के संस्कृत विषय की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में जमकर होली खेली। इसी क्रम में मछलीशहर कस्बे के फौजदार इंटर कॉलेज के प्रवेश द्वार पर दूसरी पाली में चित्रकला विषय की परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों ने रंगों का आनंद लिया।
यूकेजी में पढ़ने वाले साहस सिंह ने उत्साहित होकर कहा कि स्कूल में दोस्तों के साथ होली खेलने का मजा ही अलग है।
शनिवार को विद्यालयों में दिखे इस उल्लासपूर्ण माहौल ने स्पष्ट कर दिया कि बच्चों के लिए होली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि खुशियों और उमंग का विशेष अवसर देखने को मिला।

