कायस्थ एकता का संदेश लेकर जौनपुर पहुंचे मनीष श्रीवास्तव, हुआ भव्य स्वागत
जौनपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 2150 के राष्ट्रीय संयोजक मनीष श्रीवास्तव के जनपद आगमन पर स्वजातीय बंधुओं ने जोरदार स्वागत किया। नगर के मैहर देवी मंदिर के सामने स्थित एक लॉन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय संयोजक मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा देश की एकमात्र ऐसी संस्था है, जो राष्ट्रीय स्तर पर संगठित होकर समाज हित में निरंतर कार्य कर रही है। महासभा द्वारा विवाह परिचय सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं, युवाओं को रोजगार के लिए प्रेरित किया जाता है तथा पलायन रोकने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी के आदर्शों से नई पीढ़ी को जोड़ना महासभा का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही पूरे देश में कायस्थ समाज की गणना कराई जा रही है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे अपने नाम के आगे “कायस्थ” अवश्य लिखें, ताकि समाज की एकता और पहचान मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के दौरान जिला टीम की ओर से महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर श्रीवास्तव को भी स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव नवनीत श्रीवास्तव ने किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव एडीजीसी, राष्ट्रीय महासचिव पंकज श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमेश चंद्र श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सचिव नीरज श्रीवास्तव, वरिष्ठ भाजपा नेता अमित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, महिला पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

