होली- ईद पर खेतासराय में रहेगी कड़ी सुरक्षा, ड्रोन और सिविल ड्रेस में होगी निगरानी
सुरक्षा के लिहाज से अतिसंवेदनशील है यह कस्बा
यूसुफ खान
खेतासराय। अति संवेदनशील कस्बा खेतासराय में होली और ईद के त्योहार शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए होली जुलूसों और हुड़दंग पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही कस्बे के संवेदनशील इलाकों में सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
यह निर्देश शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक के दौरान जनपद की प्रशिक्षु आईपीएस श्रुति जैन ने दिए। उन्होंने कहा कि पुरानी बाजार, जोगियाना, गोला बाजार और बड़ी मस्जिद क्षेत्र सहित कुछ चिन्हित स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में मौजूद नगर के प्रबुद्ध नागरिकों से उन्होंने अपील की कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि खेतासराय सभी का नगर है और यहां की शांति बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष वसीम अहमद, सभासदों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान एसडीएम शाहगंज कुणाल गौरव, डिप्टी एसपी अजीत चौहान सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सौहार्द से त्योहार मनाने की अपील
खेतासराय। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने नगरवासियों से होली और रमजान के त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों ना हो । गौरतलब है कि होली में एक बार दो वर्ग आमने सामने हो गए थे, प्रशासन ने मशक्कत किसी तरह से काबू पा लिया था । तब से लेकर आज तक जिला प्रशासन ख़ासा सतर्कता बरत रहा है ।

