मड़ियाहूं में दो भीषण सड़क हादसे, दो युवकों की मौत से मचा कोहराम
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र मे मंगलवार रात और बुधवार दोपहर हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विधिक कार्रवाई में जुटी है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आए भास्कर पांडेय
पहली घटना मंगलवार रात लगभग 8:30 बजे की है। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के कसियांव गांव निवासी 46 वर्षीय भास्कर पांडेय, सरौना गांव के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रात का समय होने के कारण घटना को किसी ने प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा और वाहन चालक फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मृतक के भतीजे शिवम पांडेय ने अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्विफ्ट डिजायर की टक्कर से नन्हें मोदनवाल की मौत
दूसरी घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे शीतलगंज बाजार स्थित शिव मंदिर के पास हुई। पाली बाजार में मिठाई की दुकान चलाने वाले 45 वर्षीय नन्हें मोदनवाल स्कूटी से घर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही Maruti Suzuki की स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद वह कार में फंस गए और करीब 15–20 फीट तक घसीटते चले गए। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल नन्हें मोदनवाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र आयुष ने मड़ियाहूं कोतवाली में लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की और दोनों मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है।
इन दोनों हादसों से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

