SPEL कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने किया लाइन बाजार थाने का भ्रमण
जौनपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित Student Police Experiential Learning (SPEL) कार्यक्रम के तृतीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद जौनपुर में छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में किया गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक एवं जनपदीय नोडल अधिकारी SPEL गोल्डी गुप्ता तथा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनपदीय नोडल अधिकारी डॉ. सोमरू राम प्रजापति (राष्ट्रीय सेवा योजना) के नेतृत्व में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, टीडीपीजी कॉलेज एवं मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को थाना लाइन बाजार का भ्रमण कराया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह एवं पुलिस स्टाफ ने छात्र-छात्राओं को कानून व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा, नैतिक मूल्यों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, साइबर सुरक्षा तथा शिकायत पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। विशेष रूप से छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को वृद्धाश्रम, अनाथालय, महिला आश्रम, किशोर गृह, नशा उन्मूलन अभियान एवं मिशन शक्ति केंद्र जैसी सामाजिक पहलों के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सामाजिक जागरूकता, नैतिकता, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
पुलिस विभाग के अनुसार SPEL कार्यक्रम समाज और पुलिस के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को सुदृढ़ करेगा तथा युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में डॉ. अवधेश कुमार मौर्य, डॉ. विजयलक्ष्मी सिंह, डॉ. निलेश सिंह, डॉ. विवेक विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रमिला देवी, हेड कांस्टेबल सत्यपाल, कांस्टेबल राजन कुमार एवं महिला कांस्टेबल रीना मुंडा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

