किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया प्रधानमंत्री का सजीव प्रसारण
जौनपुर। असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, मड़ियाहूं के विधायक डॉ. आर.के. पटेल, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद के 6 लाख 72 हजार 370 किसानों के खातों में 134 करोड़ 47 लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद के सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और किसी भी पात्र किसान को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक जनपद में 9 लाख 55 हजार 807 लाभार्थियों को 2865 करोड़ 15 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के.के. पांडेय, उपनिदेशक कृषि डॉ. वी.बी. द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी विनय कुमार सिंह, उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा, अपना दल के प्रदेश महासचिव पप्पू माली, डॉ. अजय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, किसान तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

