सांड से टक्कर में हुई मौत, पीड़ित परिवार को मिली 4 लाख की आर्थिक सहायता
जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम छंगापुर निवासी स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद की सांड से टक्कर लगने के कारण हुई दर्दनाक मौत के मामले में शासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहारा दिया है। राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत मृतक की पत्नी श्रीमती मीरा नायक को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई है।
जानकारी के अनुसार 12 अगस्त 2024 को राजेन्द्र प्रसाद अपनी पत्नी मीरा नायक के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक छुट्टा सांड से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना के बाद क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। यह मामला उच्च न्यायालय इलाहाबाद तक भी पहुंचा। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने प्रकरण की जांच कराई। जांच में पाया गया कि शासनादेश के अनुसार सांड एवं नीलगाय के आघात से हुई मृत्यु राज्य आपदा की श्रेणी में आती है, जिस पर आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बदलापुर और तहसीलदार के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही पूरी की गई और 9 मार्च 2026 को मृतक की पत्नी मीरा नायक के खाते में चार लाख रुपये की सहायता राशि स्थानांतरित कर दी गई।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि मामला संवेदनशील होने के कारण तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई और उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
सहायता राशि मिलने पर मीरा नायक व उनके परिवारजनों ने मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को धन्यवाद दिया।

